कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान सप्तमी की शाम बड़ा हादसा हो गया। चोरबगान सार्वजनिक पूजा मंडप में भीड़ के दबाव के कारण मंडप का एक हिस्सा टूटकर गिर गया, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। दर्शकों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल पूजा मंडप का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है।

घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया भर्ती

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घायलों को सुरक्षित निकालकर कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए।

बारिश से बचने के दौरान भीड़ में हुई धक्का-मुक्की

चश्मदीदों के मुताबिक, शनिवार शाम कोलकाता के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। बारिश से बचने के लिए पूजा मंडप में मौजूद दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से मंडप का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। हालांकि, हादसे के कारणों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

सुरक्षा के मद्देनजर बंद किया गया पूजा मंडप

हादसे के बाद आयोजकों और प्रशासन ने दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूजा मंडप का प्रवेश द्वार बंद कर दिया। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं। घटना के बाद पूजा आयोजकों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।