भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश की एक दिवसीय यात्रा के दौरान अमरावती में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से सौजन्य भेंट की। चंद्रबाबू नायडू ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ साझा की। दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
2027 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2027 में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन प्रस्तावित है। इसी को लेकर राज्य सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों के उद्योगपतियों और निवेशकों से लगातार संपर्क कर रही है।
आंध्र के निवेशकों से हुई बातचीत का दिया ब्यौरा
सीएम यादव ने बताया कि उन्होंने विभिन्न राज्यों के शहरों में जाकर उद्योगपतियों से मुलाकात की है और मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की है। उन्होंने चंद्रबाबू नायडू को बताया कि आंध्र प्रदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और सुखद रही है।
निवेश आकर्षित करने पर MP सरकार का फोकस
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले मध्यप्रदेश सरकार निवेशकों तक पहुंच बढ़ा रही है। हाल ही में मुंबई में हुए निवेश संवाद में भी मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर प्रदेश में निवेश के अवसरों की जानकारी दी थी।
