सिंगरौली: मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शनिवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। राहत की बात यह है कि भूकंप के कारण जिले में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन के मुताबिक, स्थिति सामान्य है।

दोपहर 2:12 बजे दर्ज किए गए भूकंप के झटके

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 2 बजकर 12 मिनट 35 सेकंड पर सिंगरौली जिले में भूकंप दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता 3.5 रही और केंद्र की गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई गई है। जिले के कुछ इलाकों में लोगों को हल्का कंपन महसूस हुआ, जबकि कई क्षेत्रों में इसका एहसास नहीं हुआ।

कम तीव्रता के कारण नुकसान की खबर नहीं

भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन के अनुसार, जिले में स्थिति सामान्य है। भूकंप का प्रभाव उसकी तीव्रता, केंद्र की गहराई और केंद्र से प्रभावित क्षेत्र की दूरी पर निर्भर करता है।

सुबह अंबिकापुर में भी दर्ज हुआ था भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को इससे पहले सुबह 4 बजकर 36 मिनट 27 सेकंड पर भी भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर से लगभग 140 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में जमीन के भीतर स्थित था। इसके बाद दोपहर में मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में भूकंप दर्ज किया गया।