देशप्रमुख समाचार

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 6 उम्मीदवारों की लिस्ट, छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को फिर बनाया प्रत्याशी

Rajyasabha Election 2026: कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए गुरुवार को अपने 6 उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

Rajyasabha Election 2026: नई दिल्ली। कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए गुरुवार को अपने 6 उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कांग्रेस की इस लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम वरिष्ठ अधिवक्ता और पार्टी के दिग्गज नेता अभिषेक मनु सिंघवी का है। सिंघवी को एक बार फिर तेलंगाना से उम्मीदवार बनाया गया है। बता दें कि सिंघवी वर्तमान में भी तेलंगाना से ही राज्यसभा सदस्य हैं। तेलंगाना की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में कांग्रेस ने दूसरी सीट के लिए मुख्यमंत्री के करीबी वी. नरेंद्र रेड्डी को मैदान में उतारा है।

राज्यवार उम्मीदवारों की लिस्ट

  1. छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम को फिर से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है। वह वर्तमान में राज्यसभा की सदस्य हैं।
  2. पार्टी ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
  3. वहीं, हरियाणा से कर्मवीर सिंह बौद्ध को उम्मीदवार बनाया है।
  4. तमिलनाडु से एम क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
  5. कांग्रेस ने वरिष्ठ अधिवक्ता संघवी को अपने शासन वाले तेलंगाना से फिर से उम्मीदवार घोषित किया है। सिंघवी वर्तमान में तेलंगाना से ही राज्यसभा सदस्य हैं।
  6. तेलंगाना में दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है और कांग्रेस ने दूसरी सीट के लिए वी नरेंद्र रेड्डी को उम्मीदवार घोषित किया है।

सीएम नीतीश जाएंगे राज्यसभा

वहीं, बिहार की राजनीति में भी आज सबसे बड़ा दिन है। 10 बार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। नीतीश कुमार आज सुबह 11:30 बजे बिहार विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके साथ जदयू उम्मीदवार के रूप में रामनाथ ठाकुर भी नामांकन दाखिल करेंगे। नीतीश कुमार के नामांकन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं।

इसके साथ ही, बिहार में नए सीएम फेस की तलाश भी शुरू हो गई है। सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम हो सकता है। साथ ही, नीतीश कुमार के बेटे की राजनीति में भी एंट्री हो सकती है। बुधवार को नीतीश कुमार पटना में जेडीयू के विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग की, जिसमें फैसला लिया गया कि नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति करेंगे।

Related Articles

Back to top button