देशप्रमुख समाचार

Raipur News: रायपुर में शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई

CG Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर में शासकीय भूमि और नाले पर कथित अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया है कि वीआईपी रोड स्थित राजा राम नाला और उससे सटी लगभग एक एकड़ शासकीय भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा बेजा कब्जा किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।

तिवारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को उन्होंने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप को शिकायत सौंपी थी। शिकायत के बाद आयुक्त ने एसडीएम रायपुर को पत्र लिखकर संबंधित शासकीय भूमि और नाले का सीमांकन कराने के निर्देश दिए थे।

नेता प्रतिपक्ष का कहना है कि डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे संदेह की स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि एक एकड़ शासकीय भूमि और नाले में हो रहे अवैध कब्जे पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान केवल एक छोटी दीवार तोड़े जाने की औपचारिक कार्रवाई ही दिखाई दी। नाले की दिशा में किसी प्रकार का परिवर्तन या ठोस कदम नजर नहीं आया।

तिवारी ने इस मामले में रायपुर कलेक्टर से मुलाकात कर सीमांकन रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। इससे पूर्व उन्होंने नगर निगम आयुक्त को भी पत्र लिखकर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की थी। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पुनः कलेक्टर को पत्र भेजा है।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर खुलेआम कब्जा हो रहा है, फिर भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने पूछा कि क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और क्या यह सब मिलीभगत से हो रहा है?

उन्होंने कहा कि यदि नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे “सड़क से सदन तक” आंदोलन करेंगे। मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button