राज्यसभा पहुंचे Nitish Kumar, पीएम Narendra Modi ने दी बधाई; बिहार में नई सरकार की तैयारी तेज

Nitish Kumar reaches Rajya Sabha Latest News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली। नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा में शपथ लेने के साथ ही अपना एक सपना भी पूरा कर लिया है। नीतीश 2 बार विधानसभा और 4 बार विधान परिषद में रहे हैं। 30 मार्च को उन्होंने विधान परिषद से इस्तीफा दिया था। लोकसभा में भी नीतीश 6 बार सांसद रह चुके हैं। अब उन्होंने राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ले ली है। नीतीश ने कहा था कि वो चारों सदनों का हिस्सा बनना चाहते हैं। इसीलिए उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला किया है। अब नीतीश कुमार के केंद्र की राजनीति में वापस आने पर पीएम मोदी ने उनके लिए एक खास ट्वीट किया है।
क्या बोले पीएम मोदी?
नीतीश कुमार के राज्यसभा आने पर पीएम मोदी ने कहा- “नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”
बिहार में नई सरकार के गठन के लिए तैयारी शुरू
नीतीश कुमार आज राज्यसभा सांसद के तौर पर अपनी पारी की शुरुआत कर रहे हैं तो दूसरी तरफ बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। आज दिल्ली में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक होगी जिसमें पार्टी सीएम फेस के नाम को फाइनल कर सकती है। सूत्रों की मानें तो बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम बनने जा रहा है। इस रेस में कई नाम चल रहे हैं। हालांकि, अभी तक नाम पर फाइनल मुहर नहीं लगी है। बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर तैयारी भी शुरू हो गई है।
- 13 अप्रैल को बिहार कैबिनेट की बैठक होगी।
- 14 अप्रैल को नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा देंगे।
- 14 अप्रैल को ही एनडीए की विधायक दल की बैठक होगी।
- 15 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में शपथ समारोह हो सकता है।




