नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की तरह विकसित शहर बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव!
माँ नर्मदा की पावन भूमि पर आने के लिए देवता भी तरसते हैं। समूचा अंचल इंद्र की सभा की तरह लग रहा है। ऐसा आनंद देवलोक में ही संभव है। माँ नर्मदा का आशीर्वाद प्रदेश के साथ है। म.प्र. नदियों का मायका है। यहां से माँ नर्मदा एवं अन्य पवित्र नदियां निकलती हैं। मनुष्य एवं देवता भी यहां समय बिताने को अपना सौभाग्य समझते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम में नर्मदा प्रकटोत्सव और नर्मदापुरम गौरव दिवस समारोह में संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। नर्मदापुरम को इंदौर-भोपाल की तरह ही शहर बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में दूध की दुकानें खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होगी। नर्मदापुरम जिले में इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। उन्होंने सेठानी घाट में बनाए जल मंच से माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कन्या पूजन कर नर्मदा प्रकटोत्सव का शुभारंभ किया। आचार्य सोमेश परसाई, गोपाल प्रसाद खडडर एवं पं विनोद दुबे नें विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ रुपये के 30 विकास कार्यो का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इसमें 29.96 करोड़ के 24 कार्यों का भूमि-पूजन एवं 74.76 करोड़ के 6 कार्यो का लोकार्पण शामिल है। नर्मदा प्रकटोत्सव पर नर्मदापुरम के सेठानी घाट में आटे से बने 1 लाख 25 हजार दीपक से दीपदान किया गया। नर्मदा तट आकर्षक रोशनी से भव्य आभा बिखेर रहा था।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि माँ नर्मदा नदी ही एक ऐसी नदी है, जिनकी परिक्रमा कर लोग धन्य होते है। नर्मदा के जल से मालवा-निमाड़ एवं समूचे नर्मदांचल क्षेत्र के 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि नर्मदा मैया की कृपा से समृद्धि के नये द्वार खुले हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी नदियों को जोड़ने का सपना देखा था। 20 साल बाद उस सपने को साकार किया जा रहा है। केन-बेतवा नदी को जोडने से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। इस प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 01 लाख करोड़ की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदापुरम जिले में हुई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बारे में बताया कि इससे नर्मदापुरम संभाग में 31 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के लोग पलायन न करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह औद्योगीकरण आने वाली पीढ़ी के लिए है। हमने सभी संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से बहनों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि बुधवार 5 फरवरी को वे मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कर रहे हैं तथा आने वाले समय में विद्यार्थियों को लैपटॉप भी दिये जाऐंगे। सनातन संस्कृति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत की संस्कृति धर्म से जुड़ी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार भगवान श्री राम एवं भगवान श्रीकृष्ण की स्थली को तीर्थस्थल के रूप में विकसित करेगी।
नरसिंहपुर होशंगाबाद सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने सभी उपस्थित लोगों से कहा कि हम माँ नर्मदा की सेवा करने का कार्य करें। मुख्यमंत्री ने पूर्व में ही हमें नर्मदा लोक की सौगात दी है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश को अनेक सौगातें दी है। नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि नर्मदा लोक के प्रथम चरण के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने दूसरे चरण के लिए 30 करोड की राशि देने एवं इंजिनियरिंग कॉलेज की सौगात देने की माँग की। इसके पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव ने कहा कि नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम समूचे विश्व में मनाया जाने वाला कार्यक्रम है। इस अवसर पर सिवनी-मालवा विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, श्रीमती प्रीती पवन शुक्ला सहित जन-प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।