MP News: टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत की जीत पर मध्यप्रदेश में जश्न, शहर-शहर तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे फैंस
टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद मध्यप्रदेश के कई शहरों में जश्न का माहौल देखने को मिला। क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए।

MP Bhopal News: भोपाल। टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद मध्यप्रदेश के कई शहरों में जश्न का माहौल देखने को मिला। क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगाए।
इंदौर के राजबाड़ा में फैंस तिरंगा लेकर झूमते नजर आए और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। वहीं भोपाल में भी लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े। उज्जैन के टॉवर चौक पर युवाओं ने आतिशबाजी कर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।
जबलपुर में क्रिकेट प्रेमियों ने बाइक रैली निकालकर जीत की खुशी जाहिर की, जबकि बालाघाट में लोग ‘चक दे इंडिया’ गीत पर झूमते हुए नजर आए।
एलईडी लगाकर देखा मैच
देवास और शाजापुर में लोगों ने दुकानों और चौक-चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखा। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, फैंस ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी साझा की।
चौथी बार फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
भारतीय टीम चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। खिताबी मुकाबला 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा। सेमीफाइनल में संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि इंग्लैंड के बेथेल का शतक बेकार गया।
मैच से पहले उज्जैन के अंगारेश्वर मंदिर में क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना भी की थी।




