मध्‍यप्रदेश

उज्जैन के बड़नगर में बड़ा हादसा: 70 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम, रेस्क्यू जारी

Ujjain Latest News: उज्जैन | उज्जैन से करीब 75 किमी दूर बड़नगर के पास झालरिया गांव में 3 साल का मासूम बच्चा बोरवेल में गिर गया है। बच्चा करीब 70 फीट गहराई में फंसा हुआ है। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ समेत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत-बचाव कार्य जारी है। बोरवेल के समानांतर एक गड्डा खोदा जा रहा है और उसकी करीब 40 फीट तक खुदाई हो चुकी है।

परिवार के साथ राजस्थान से आया था बच्चा
3 वर्षीय बच्चा भागीरथ पिता प्रवीण देवासी, निवासी गुड़ानला (जिला पाली, राजस्थान) है। परिवार पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में भेड़ चराने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते पलदूना रोड स्थित खुले बोरवेल में गिर गया। मां ने उसे वहां जाते हुए देखा था, लेकिन वह जब तक कुछ करती, तब तक बच्चा बोरवेल के अंदर जा चुका था। बच्चे के बोरवेल में गिरने की जानकारी से परिजन का हाल बेहाल हाल हो गया, वहीं इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की लगातार निगरानी की जा रही है और उससे संपर्क बनाने की कोशिश की जा रही है। पाइप के माध्यम से उसे ऑक्सीजन दी जा रही है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं। उज्जैन कलेक्टर रौशन सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासनिक अमला और बड़नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है।
मामले में एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह बच्चा मवेशी चराने वाले का है। बोरवेल का ढक्कन लगा हुआ था। उस पर पत्थर रखा था जिसे भेड़ ने गिरा दिया था। बच्चे ने ढक्कन खोला और झांकने के दौरान अंदर गिर गया।

Related Articles

Back to top button