नारायणपुर को बड़ी सौगात, मंत्री केदार कश्यप ने 17.59 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन, विकास को मिली नई रफ्तार

CG Narayanpur News: नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपये से अधिक लागत के 11 महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इन परियोजनाओं में नेशनल हाईवे-130डी का मजबूतीकरण, आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी एवं रीडिंग जोन) सहित जिला खनिज न्यास (DMF) और नगरीय निकाय क्षेत्र के विकास कार्य शामिल हैं।
नालंदा परिसर से युवाओं को मिलेगा नया मंच
मंत्री कश्यप ने कहा कि नालंदा परिसर नारायणपुर के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा। यहां आधुनिक अध्ययन संसाधन और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
सड़क विकास से बढ़ेगी रफ्तार
गढ़बेंगाल चौक से बखरूपारा मार्ग के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी के सुदृढ़ीकरण को उन्होंने क्षेत्र के विकास की रीढ़ बताया। इससे आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण-शहरी संपर्क मजबूत होगा।
विकास और विश्वास की नई पहचान
मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि अब नारायणपुर और अबूझमाड़ क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
हितग्राहियों को मिला सीधा लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया—
राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 3 हितग्राहियों को ₹20-20 हजार के चेक
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 25 हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र
टीमवर्क से विकास को गति
मंत्री कश्यप ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नारायणपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। नारायणपुर अब तेजी से विकास, शांति और विश्वास की नई पहचान बनकर उभर रहा है।




