Bilaspur News: बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानें बंद होने की आशंका, समर शेड्यूल जारी नहीं होने से बढ़ी चिंता
Chhattisgarh Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से एलायंस एयर की उड़ानों पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से एलायंस एयर की उड़ानों पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल 28 मार्च को समाप्त होने वाला है, लेकिन अब तक समर शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। ऐसे में 5 दिन शेष रहने के बावजूद उड़ानों के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
एयरपोर्ट प्रबंधन भी इस संबंध में कोई ठोस जानकारी देने की स्थिति में नहीं है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है। आमतौर पर एयरलाइंस कंपनियां हर 6 महीने में विंटर और समर शेड्यूल जारी करती हैं, लेकिन इस बार देरी ने चिंता बढ़ा दी है।
एलायंस एयर के मैनेजर प्रसन्न सोनी के अनुसार, समर शेड्यूल हेड ऑफिस से जारी किया जाएगा और फिलहाल इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। इधर, यह भी चर्चा है कि मध्यप्रदेश के रीवा रूट पर अधिक वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) मिलने के कारण एयरलाइन का झुकाव वहां बढ़ रहा है। साथ ही बिलासपुर-कोलकाता उड़ान को जबलपुर-कोलकाता रूट से संचालित करने की संभावना जताई जा रही है, जिससे बिलासपुर की उड़ानों में कटौती हो सकती है।
गौरतलब है कि पहले सप्ताह में 6 दिन संचालित होने वाली उड़ानों को घटाकर 4 दिन कर दिया गया है। इस स्थिति को देखते हुए हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति सक्रिय हो गई है और उड़ान सेवा बनाए रखने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
समिति के पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को पूरी स्थिति से अवगत कराया गया है। वहीं, एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा की मांग को लेकर समिति का महाधरना भी जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।




