नई दिल्ली: बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की। निशिकांत दुबे ने कहा कि कांग्रेस पागलों की जमात है और राहुल गांधी व खरगे को भी पागल बताया। उनका यह बयान खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सामने आया है।
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस पागलों की जमात है। पागलों के बारे में क्या चर्चा की जाए? राहुल गांधी पागल हैं, और खरगे भी पागल हैं।” उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर भी कांग्रेस नेतृत्व को लेकर टिप्पणी की।
‘कांग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फर्स्टिया गया है’
निशिकांत दुबे ने अपने एक्स पोस्ट में कहा, “बिहारी में एक शब्द है फ़र्स्टियाना, कॉग्रेस का पूरा नेतृत्व ही फ़र्स्टिया गया है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
खरगे की टिप्पणी पर बीजेपी नेताओं की नाराजगी
दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी की थी। कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी नहीं जाएगा। इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।
खरगे के बयान पर बीजेपी ने जताया विरोध
खरगे की टिप्पणी के बाद बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। बीजेपी नेताओं ने उनकी भाषा पर आपत्ति जताते हुए बयान की निंदा की और उनसे माफी मांगने की मांग की। केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी।
पटना में खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज
इस विवाद के बीच पटना में खरगे के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और खरगे को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। अब इस मुद्दे पर आगे की राजनीतिक प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।
