महासमुंद जिले स्थित खल्लारी मंदिर रोप-वे हादसे पर कांग्रेस की जांच समिति गठित, पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग तेज
Khallari Temple ropeway accident Update: खल्लारी माता मंदिर में हुए रोप-वे हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

Khallari Temple ropeway accident Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए रोप-वे हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर बनाई गई यह समिति पूरे मामले की जांच करेगी।
गौरतलब है कि खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे का केबल तार टूटने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें रायपुर की एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। इस गंभीर घटना के बाद कांग्रेस ने स्वतंत्र जांच कराने का निर्णय लिया है।
जांच समिति में विधायक एवं जिला अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव को संयोजक बनाया गया है। इसके साथ ही विधायक चातुरी नंद, पूर्व पीसीसी महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर और ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष केशव चंद्राकर को सदस्य नियुक्त किया गया है।
समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों, स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों से बातचीत कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करे और उसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपे।
इधर, इस हादसे को लेकर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर जल्द राहत प्रदान करने की अपील की है।
फिलहाल, इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रोप-वे संचालन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिन पर अब जांच समिति की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।




