देशप्रमुख समाचार

चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट

Char Dham Registration: इस वर्ष चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। परंपरा के अनुसार इसी दिन यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

Char Dham Registration: देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब श्रद्धालु घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के जरिए भी यात्रा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन ने यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया है, ताकि यात्रियों की संख्या, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।

इस वर्ष चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से होगी। परंपरा के अनुसार इसी दिन यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

फिलहाल सरकार ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया है, जबकि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से प्रारंभ किया जाएगा। यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार और ऋषिकेश सहित कई प्रमुख स्थानों पर बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि जिन श्रद्धालुओं के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे भी आसानी से पंजीकरण करा सकें।

तीन तरीकों से कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

श्रद्धालु उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा ‘टूरिस्ट केयर उत्तराखंड’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर भी रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। वहीं व्हाट्सएप के जरिए भी पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इसके लिए 8394833833 नंबर पर “Yatra” लिखकर मैसेज भेजना होगा, जिसके बाद चैटबॉट आवश्यक जानकारी लेकर रजिस्ट्रेशन पूरा कर देगा।

वेबसाइट के जरिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

ऑनलाइन पंजीकरण के लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट खोलकर रजिस्टर/साइन-अप विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर, ई-मेल और अन्य जानकारी भरकर OTP के माध्यम से वेरिफिकेशन किया जाएगा। लॉग-इन करने के बाद डैशबोर्ड में ‘Add / Register for Yatra’ विकल्प पर क्लिक कर यात्रा की तारीख, धाम और यात्रियों की जानकारी भरनी होगी। साथ ही पहचान पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन स्लिप या QR कोड पास डाउनलोड किया जा सकता है।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

रजिस्ट्रेशन या यात्रा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 जारी किया है। इस नंबर पर यात्री रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, यात्रा मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

23 अप्रैल को खुलेंगे बद्रीनाथ धाम के कपाट

चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को सुबह 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। बसंत पंचमी के अवसर पर नरेंद्रनगर राजदरबार में पंचांग गणना के बाद यह तिथि तय की गई थी। इस बार बद्रीनाथ धाम के कपाट पिछले वर्ष की तुलना में 11 दिन पहले खुलेंगे। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधि-विधान से खोले जाएंगे।

Related Articles

Back to top button