प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

दमोह जिला अस्पताल में जेल प्रहरी पर हमला, खुद को ‘जहीर खान’ बताकर दी धमकी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

MP Damoh News: दमोह। दमोह के जिला अस्पताल में बंदी की सुरक्षा में तैनात एक जेल प्रहरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 2 बजे की है। वायरल वीडियो में एक बदमाश जेल प्रहरी के साथ झूमा-झटकी करता नजर आ रहा है और उसकी वर्दी फाड़ने की कोशिश कर रहा है। एक अन्य वीडियो में आरोपी खुद को जहीर खान बताते हुए गालियां देता और जान से मारने की धमकी देता दिखाई दे रहा है।

जेल उप अधीक्षक एम.एल. पटेल ने बताया कि एक बंदी के बीमार होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी सुरक्षा में प्रहरी छोटेलाल अहिरवार की ड्यूटी लगी थी। रात 10 बजे से 2 बजे के बीच ड्यूटी के दौरान ही आरोपी ने उसके साथ हाथापाई की।

प्रहरी के मुताबिक ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वह साइकिल स्टैंड पर अपनी बाइक लेने गया, तभी दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक आरोपी पहले जेल में बंद रह चुका था और पहचान होने पर आक्रोशित होकर मारपीट करने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी को रात में ही हिरासत में ले लिया गया है। जेल प्रहरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी के अनुसार दो लोग अस्पताल के बाहर आपस में झगड़ रहे थे और लड़ते-लड़ते अंदर आ गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षा गार्ड द्वारा बाहर कर दिया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button