
Big gift to Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर में कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने 22.79 करोड़ रुपये की लागत से बने शंकर नगर-खम्हारडीह-कचना मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत संरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह ओवरब्रिज उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कचना रेलवे फाटक पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ओवरब्रिज शुरू होने से अब लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से कचना, खम्हारडीह और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना को केंद्र सरकार की केंद्रीय सड़क निधि योजना के तहत स्वीकृति मिली थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है और अब लोगों को वाहनों की लंबी कतारों और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
48.78 करोड़ की लागत से बना ओवरब्रिज
लोक निर्माण विभाग के अनुसार कचना रेलवे ओवरब्रिज की लंबाई 787 मीटर और चौड़ाई 13 मीटर है। इसका निर्माण 48.78 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के शुरू होने से रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और लोगों के समय की भी बचत होगी।
गुणवत्तापूर्ण निर्माण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सुशासन तिहार में जनता से लिया जा रहा फीडबैक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं गांवों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और योजनाओं का फीडबैक ले रहे हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के तहत दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। अब तक 20 लाख से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।
अरुण साव बोले- कचना ओवरब्रिज बनेगा जीवनरेखा
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि कचना क्षेत्र में लगभग 25 बड़ी कॉलोनियां स्थित हैं और यह ओवरब्रिज रायपुर शहर से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल एक ओवरब्रिज नहीं बल्कि रायपुर और कचना को जोड़ने वाली जीवनरेखा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं और पहली बार लोक निर्माण विभाग को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है। सरकार प्रदेशभर में सड़क और पुल निर्माण कार्य तेजी से कर रही है।



