CG Weather: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, आंधी-तूफान से बदला मौसम, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

CG Weather News: रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। बादल गरजने के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। टर्फ और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
रायपुर में मानसून जैसी बारिश
रायपुर में सुबह करीब 8 बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बादलों की तेज गरज और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहाना हो गया। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
आंधी-तूफान से कई जगह पेड़ गिरे
बलौदा बाजार में देर रात आए आंधी-तूफान से कई बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। सुबह दुकान और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगरपालिका की टीम रास्ता साफ करने में जुटी रही। वहीं कई इलाकों में बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई।
महासमुंद जिले में देर रात से आंधी-तूफान के बाद बिजली आपूर्ति चरमरा गई। पिथोरा में सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है, जिससे गांवों की गलियां पानी से भर गईं।
रायगढ़, धमतरी और बिलासपुर में भी बारिश
रायगढ़ में सुबह से बादल छाए रहने के बाद तेज बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। धमतरी में भी अचानक तेज आंधी-तूफान और बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। वहीं बिलासपुर में सुबह अंधड़ और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित रही।
मौसम विभाग का ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली और सरगुजा समेत कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।




