अब मिड बजट में लग्जरी कारों का क्रेज: 15 लाख में सनरूफ और प्रीमियम फीचर्स की बढ़ी मांग

ग्वालियर। एक समय सनरूफ का फीचर सिर्फ लग्जरी कारों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब यह मिड सेगमेंट कार खरीदारों की भी पहली पसंद बन चुका है। बदलती ग्राहक प्राथमिकताओं और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आटोमोबाइल कंपनियां अब 15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बजट में ही प्रीमियम फीचर्स से लैस कारें बाजार में उतार रही हैं।
कम बजट में लग्जरी का अनुभव
ग्राहक अब सिर्फ किफायती कार नहीं, बल्कि कम बजट में लग्जरी का अनुभव चाहते हैं। यही वजह है कि सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एयर प्यूरिफायर और क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। खासकर परिवारों के लिए ऐसी कारों की मांग बढ़ रही है, जिनमें बच्चों और बुजुर्गों के लिए आरामदायक और सुरक्षित सफर सुनिश्चित हो सके।
सेफ्टी के मामले में भी कोई समझौता नहीं
आटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक आज के ग्राहक सेफ्टी के मामले में भी कोई समझौता नहीं करना चाहते। एयरबैग, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल-होल्ड असिस्ट और चाइल्ड-सीट एंकर जैसे फीचर्स अब लगभग हर कार में अनिवार्य हो गए हैं। इसके साथ ही बेहतर माइलेज और ड्राइविंग कंफर्ट भी खरीदारों की प्राथमिकता में शामिल हैं।
15 लाख के बजट में कई माडल उपलब्ध
15 लाख रुपये के बजट में कई ऐसे माडल उपलब्ध हैं जो प्रीमियम फील के साथ आते हैं। महेन्द्रा एसयूवी अपने सेगमेंट में पैनोरमिक सनरूफ और एडवांस फीचर्स के लिए जानी जाती है। वहीं किआ सोनेट इंटीरियर क्वालिटी, वेंटिलेटेड सीट्स और प्रीमियम साउंड सिस्टम के कारण ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
इसी तरह होंडा एलीवेट उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प है जो कम बजट में बड़ी एसयूवी का अनुभव चाहते हैं। वहीं अन्य कार भी अपने पैनोरमिक सनरूफ और प्रीमियम फीचर्स के चलते इस सेगमेंट में लगातार लोकप्रिय बनी हुई है।
कारों में इन फीचर्स की अधिक डिमांड
- वेंटिलेटेड सीट्स और एयर प्यूरिफायर: गर्मी से राहत और शुद्ध हवा के लिए अब मिड-बजट कारों में भी यह सुविधा मिल रही है।
- स्मार्ट क्लाइमेट कंट्रोल: केबिन के तापमान को खुद से एडजस्ट करने वाली तकनीक अब आम हो गई है।
- स्पेस और स्टोरेज: बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए पर्याप्त लेगरूम और स्मार्ट स्टोरेज स्पेस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आटोमोबाइल डीलर ने बोले…
सनरूफ समेत एयरबैग, ट्रैक्शन कंट्रोल और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स अब ग्राहकों की बेसिक जरूरत बन चुके हैं। कंपनियां भी इसी डिमांड को ध्यान में रखते हुए अपने माडल्स को लगातार अपडेट कर रही हैं। -हरिकांत समाधिया, आटोमोबाइल डीलर ग्वालियर




