प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

छतरपुर में हैरान करने वाला मामला: 5 बच्चों को छोड़ प्रेमी संग फरार हुई महिला, पति ने लगाई गुहार

छतरपुर (मध्य प्रदेश): सोशल मीडिया के इस दौर में रिश्तों की मर्यादाएं अब इंटरनेट की भेंट चढ़ती नज़र जा रही हैं। ताजा मामला छतरपुर जिले के ग्राम कांटी से सामने आया है, जहां एक महिला अपने पति और 5 मासूम बच्चों को बिलखता छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। पीड़ित पति मूलचंद अहिरवार ने एसपी दफ्तर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

बेटी की दवाई लेने का कहकर घर से निकली महिला
मूलचंद ने बताया कि उसकी पत्नी 30 मार्च 2026 को यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपनी ढाई साल की बेटी की दवाई लेने जिला अस्पताल जा रही है। लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मूलचंद के मुताबिक, उसकी पत्नी की मुलाकात इंस्टाग्राम के ज़रिए बृजेश अहिरवार नाम के एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत चल रही थी।

मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद जब मूलचंद ने अपनी पत्नी को खोजने की कोशिश की, तो पता चला कि वह बृजेश के साथ चली गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी युवक और महिला अब इंस्टाग्राम पर अपनी साथ में फोटो और रील शेयर कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि उसके कुल 5 बच्चे हैं, जिनमें से 4 बच्चियां घर पर मां की राह देख रही हैं, जबकि ढाई साल की सबसे छोटी बच्ची को मां अपने साथ ले गई है। घर में मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार पूछ रहे हैं कि “पापा, मम्मी कब आएगी?”

एक महीना बीत गया, फिर भी नहीं लौटी महिला
मूलचंद काम के सिलसिले में दिल्ली में रहता था और घटना के कुछ दिन पहले ही घर आया था। उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के चलते उसने अब SP से अपनी पत्नी और बच्ची को वापस लाने की अपील की है। मामले में एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने कहा है कि गुमशुदगी दर्ज की गई है महिला की दस्तयाब करके महिला के बयानों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button