देश

स्कूल में हैरान करने वाली सजा: खुजली वाले पत्ते से बच्चों को दंड, हेडमास्टर सस्पेंड

Shocking Punishment at School News: ओडिशा के जाजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में बच्चों को दी गई सजा ने सभी को हैरान कर दिया। इस घटना के बाद स्कूल के हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला सरुआबिल्ली अपर प्राइमरी स्कूल का है और घटना 19 अप्रैल की बताई जा रही है। आरोप है कि हेडमास्टर बसुदेव देहुरी ने बच्चों को सजा देने के लिए उन्हें खुजली पैदा करने वाले जंगली पत्ते को अपनी पैंट के अंदर डालने को कहा। हेडमास्टर के कहने पर दो बच्चों ने पौधे लाकर एक-दूसरे के कपड़ों में डाल लिए, जिससे उन्हें तेज खुजली, जलन और असहजता होने लगी।

दो बच्चों के बीच हुआ था झगड़ा
हालांकि, इस पूरे मामले में एक अलग पहलू भी सामने आया है। सुकिंदा ब्लॉक के शिक्षा अधिकारी नारायण दास के अनुसार, दो बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में एक बच्चे ने दूसरे के शरीर पर खुजली वाला पत्ता रगड़ दिया, जिससे उसे काफी परेशानी हुई। जब पीड़ित बच्चा शिकायत लेकर हेडमास्टर के पास पहुंचा, तो उन्होंने कथित तौर पर जाने-अनजाने में यह कह दिया कि अगर उसके साथ ऐसा हुआ है, तो वह भी दूसरे बच्चे के साथ वैसा ही करे। इसके बाद दूसरे बच्चे ने भी वही किया, जिससे उसे भी तकलीफ हुई और मामला बढ़ गया।

परिजनों के विरोध पर हेडमास्टर सस्पेंड
घटना की जानकारी तब सामने आई जब बच्चों ने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। गुस्साए अभिभावक स्कूल पहुंचे, हेडमास्टर का विरोध किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकिंदा के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर ने प्राथमिक जांच की। जांच के आधार पर हेडमास्टर को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button