Weather Report: पश्चिमी विक्षोभ का असर: देशभर में बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन से हालात खराब
Weather Report Today: मौसम विभाग ने एक बार फिर देश भर के 12 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

Weather Report Today: नई दिल्ली। अप्रैल के महीने में बारिश की झड़ी लगी हुई है। मौसम की इस बेरुखी से किसानों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने एक बार फिर देश भर के 12 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ-साथ भूस्खलन जैसी घटनाएं भी हो रहीं हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ हवा की दिशा में परिवर्तन
अप्रैल के महीने में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते मौसम में खासा बदलाव आया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और पूर्वोत्तर राज्य और दक्षिण में आंध्र प्रदेश तक देखा जा रहा है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ-साथ हवा की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बुधवार को भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर समेत इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
राजस्थान के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।
यूपी के कई जिलों में आज भी होगी बारिश
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश ने लखनऊ समेत कई क्षेत्रों को प्रभावित किया। राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहे, बिजली चमकी और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भी ऐसा ही मौसम रहा। विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के आगरा तक कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी यूपी के कई जिलों में बारिश की आशंक जताई है।
भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर में जीवन अस्त-व्यस्त
इस बीच, भारी बारिश के कारण जम्मू क्षेत्र में शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे दिन का तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया। इसके अतिरिक्त, रामबन जिले में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद करना पड़ा। आईएमडी ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने 36 घंटों से इस क्षेत्र को प्रभावित किया है, जिससे भारी बारिश, तापमान में भारी गिरावट और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
हिमाचल में भी जगह-जगह भूस्खलन
इसी तरह, हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश ने राज्य के ऊपरी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जहां चंबा और लाहौल एवं स्पीति जिलों की सीमा पर भूस्खलन की एक बड़ी घटना घटी है।




