छत्तीसगढ़ बोर्ड का बड़ा फैसला: 12वीं हिंदी परीक्षा रद्द, अब 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा
Chhattisgarh Board Exam Cancellation: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिंदी परीक्षा को रद्द कर दिया है।

Chhattisgarh Board Exam Cancellation: रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं की हिंदी परीक्षा को रद्द कर दिया है। 14 मार्च को आयोजित यह परीक्षा पेपर लीक की शिकायतों के बाद विवादों में आ गई थी, जिसके चलते बोर्ड ने छात्रहित में यह बड़ा निर्णय लिया।
मामले के सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई थी, वहीं एनएसयूआई ने बोर्ड कार्यालय का घेराव कर परीक्षा रद्द करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित जांच समिति गठित की, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा निरस्त कर दी गई।
बोर्ड ने नई तारीख घोषित करते हुए बताया कि अब 12वीं हिंदी का पेपर 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित किया जाएगा। इस फैसले पर छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली-कुछ ने इसे अतिरिक्त दबाव बताया, तो कई ने निष्पक्षता के लिए जरूरी कदम माना।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गजेन्द्र यादव ने कहा कि अभी तक पेपर लीक का पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि एक व्हाट्सएप ग्रुप में हाथ से लिखा प्रश्नपत्र साझा होने से संदेह पैदा हुआ था। सरकार ने एहतियातन FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस जांच में पेपर लीक की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं बोर्ड ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पेपर सुरक्षा, केंद्र प्रबंधन और डिजिटल निगरानी को और सख्त करने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सरकार और बोर्ड दोनों सतर्क नजर आ रहे हैं।




