छत्तीसगढ़ बजट: विधानसभा में 1.72 लाख करोड़ का ‘संकल्प’ बजट पेश, ओपी चौधरी ने सड़क, स्वास्थ्य और महिला उद्यमिता पर किया बड़ा ऐलान
Chhattisgarh Budget 2026: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में रखा।

Chhattisgarh Budget 2026: रायपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट पेश किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट सदन में रखा। ‘संकल्प’ थीम पर आधारित यह बजट 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का है, जिसमें सामाजिक सुरक्षा, अधोसंरचना और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है।
‘लखपति दीदी’ को मिलेगा नया विस्तार
वित्त मंत्री ने बताया कि ‘लखपति दीदी’ योजना को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री लखपति भ्रमण योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत चयनित महिलाओं को देश-विदेश के व्यवसायिक केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ सकें।
सड़क और शहरी विकास पर फोकस
मुख्यमंत्री सड़क योजना के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत प्रदेश की 36 सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना लागू की जाएगी, जिसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है।
शिक्षा को बढ़ावा
प्रदेश में 5 नालंदा लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए 22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा प्रावधान
शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार का कहना है कि ‘संकल्प’ बजट के माध्यम से प्रदेश में आधारभूत संरचना का विस्तार, शहरी विकास, महिला उद्यमिता और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी जाएगी।



