CG Budget 2026: छत्तीसगढ़ बजट में बस्तर, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य पर बड़ा फोकस: 250 महतारी सदन बनेंगे, 75 करोड़ का प्रावधान
Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रदेश में 250 महतारी सदन बनाए जाएंगे, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Chhattisgarh Budget 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2026-27 का बजट पेश कर रहे हैं। ‘ज्ञान’ और ‘गति’ के बाद इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है। सरकार ने इस बजट के जरिए समावेशी विकास, अधोसंरचना विस्तार और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का रोडमैप प्रस्तुत किया है।
बस्तर और शिक्षा पर विशेष ध्यान
बस्तर के अंदरूनी इलाकों में बस सेवा शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं बूझमाड़-जगरगुंडा क्षेत्र में दो एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
250 महतारी सदन, 75 करोड़ का प्रावधान
प्रदेश में 250 महतारी सदन बनाए जाएंगे, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह योजना महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पर्यटन और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा
मैनपाट और जशपुर के कोतेबेरा में पर्यटन स्थलों के विकास के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। राजधानी रायपुर में खाद लैब के निर्माण की घोषणा भी की गई है, जिससे कृषि क्षेत्र को तकनीकी मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
कांकेर, कोरबा और महासमुंद में नए नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे। इसके अलावा मेकाहारा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मितानिन कल्याण निधि के लिए 350 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिससे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सशक्त किया जा सके।
पूजा-अर्चना के बाद पेश किया बजट
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने अपने सरकारी बंगले में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी अदिति चौधरी भी मौजूद रहीं। ओपी चौधरी अपनी पत्नी का पसंदीदा जैकेट पहनकर विधानसभा पहुंचे और बजट प्रस्तुत किया।
सरकार का दावा है कि ‘संकल्प’ बजट राज्य में अधोसंरचना, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई गति देगा।




