प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

खजुराहो नृत्य महोत्सव के उद्घाटन में ‘गो बैक’ के नारे, मंत्री के भाषण से गुस्से से लाल हुए दर्शक, विदेशी पर्यटकों ने भी जताई नाराजगी

MP News: संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भाषण देने मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने ‘गो बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। चारों ओर ‘हो-हो’ की आवाजें गूंजने लगीं।

खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव शुक्रवार से शुरू हो गया, लेकिन पहले ही दिन उद्घाटन समारोह में ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया। निर्धारित समय शाम 6:30 बजे था, लेकिन मुख्य अतिथि और अन्य मंत्री देर से पहुंचे, जिससे कार्यक्रम लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। लंबे इंतजार से दर्शक दीर्घा में बैठे देसी-विदेशी पर्यटकों का धैर्य जवाब देने लगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब 16 मिनट तक संबोधन दिया, जबकि सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने लगभग 3 मिनट तक अपनी बात रखी। जैसे ही संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भाषण देने मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने ‘गो बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। चारों ओर ‘हो-हो’ की आवाजें गूंजने लगीं।

पर्यटकों को नृत्य प्रस्तुतियों का इंतजार था, लेकिन नेताओं के लंबे भाषणों से वे नाराज हो गए। भारी हूटिंग के बावजूद मंत्री लोधी करीब 6 मिनट तक बोलते रहे। शोर बढ़ने पर भी वे चार पंक्तियां सुनाने की जिद पर अड़े रहे और जयकारे लगवाने के बाद ही मंच से उतरे।

इस घटनाक्रम पर विदेशी पर्यटकों ने भी नाराजगी जताई। इटली के फ्लोरेंस से आए एलेसांद्रो ने कहा कि वे माहौल को महसूस करने और नृत्य देखने आए थे, लंबे भाषण सुनने नहीं। उनकी साथी जूलिया ने भी कहा कि स्थान और आयोजन शानदार है, लेकिन भाषण जरूरत से ज्यादा लंबे रहे।

हालांकि देरी और विवाद के बावजूद मंच पर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव की भव्यता बनाए रखी। रंग-बिरंगे शास्त्रीय नृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने अंततः दर्शकों का मन मोह लिया। यह महोत्सव 26 फरवरी तक चलेगा।

Related Articles

Back to top button