प्रमुख समाचारमध्‍यप्रदेश

कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे का उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा, क्या बीजेपी में होंगे शामिल? सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अटकलों पर लगाया विराम

MP Latest News: मध्य प्रदेश की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में लिखा कि परिवार और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के कारण वे यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं।

कटारे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजे पत्र में कहा कि संगठन जिसे चाहे इस पद की जिम्मेदारी दे, वे पूर्ण सहयोग करेंगे। पार्टी ने उन्हें इस योग्य समझा, इसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे।

शुक्रवार को ही उनकी शादी की सालगिरह भी थी। वे शाम करीब 4 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहे, इसके बाद अचानक बाहर निकल गए। कुछ समय तक उनका मोबाइल फोन बंद आने से राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गईं कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, इन कयासों पर विराम लगाते हुए कटारे ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि कांग्रेस उनके स्वर्गीय पिता की विरासत है और वे पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि शादी की सालगिरह पर परिवार के साथ समय बिताना कोई राजनीतिक साजिश नहीं, बल्कि उनका अधिकार है।

कटारे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपाइयों, ज्यादा खुशफहमी पालने की जरूरत नहीं है। सोमवार से सदन में पूरी तैयारी, पूरे दस्तावेज और पूरी ताकत के साथ उपस्थित रहूंगा।” उन्होंने गोमांस, इंदौर के भागीरथपुरा, शंकराचार्य के अपमान और सरकार के कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की बात कही।

उन्होंने दो टूक कहा कि वे पद से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से ताकत लेते हैं और वही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

Related Articles

Back to top button