देशप्रमुख समाचार

Board Exam Update: बोर्ड परीक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी, कक्ष निरीक्षकों को मिलेगा QR कोड से लैस ID कार्ड, 18 जिले संवेदनशील घोषित

UP Board Exam Update: यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए एक जरूरी खबर है।

UP Board Exam Update: यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए एक जरूरी खबर है। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा शुरू होने में अब बहुत कम समय रह गया है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होनी हैं। ऐसे में यूपी बोर्ड ने परीक्षा को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी बोर्ड कक्ष निरीक्षकों को पहली बार QR कोड युक्त परिचय पत्र जारी करने जा रहा है ताकि बोर्ड परीक्षा में फर्जी कक्ष निरीक्षक ड्यूटी न कर सकें।

प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था की रहेगी सुविधा

परीक्षा केंद्रों पर तैनात कार्मिकों और परीक्षार्थियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था की सुविधा रहेगी। सभी जिलों के सीएमओ समन्वय स्थापित करते हुए 13 फरवरी तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों के आस-पास समुचित साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी जिलों के सीडीओ से समन्वय स्थापित करते हुए 13 फरवरी से यह सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, शहरी क्षेत्र में नगर आयुक्त से समन्वय स्थापित कर परीक्षा केंद्रों पर साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

8033 परीक्षा केंद्रों पर होगा पराक्षाओं का आयोजन 

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पूरे प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी रहेगी और केंद्र व्यवस्थापकों की जवाबदेही तय की जाएगी। स्थानीय प्रशासन को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

18 जिले संवेदनशील घोषित

नकल माफिया और अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूपी बोर्ड ने प्रदेश के 18 जिले संवेदनशील घोषित किए हैं। इनमें आगरा,मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज,कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़,बलिया, मऊ,जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा शामिल हैं। इन जिलों में कुछ विषयों और तिथियों को अधिक संवेदनशील मानते हुए विशेष निगरानी और कड़े प्रशासनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत

यूपी बोर्ड की‌ 2026 की परीक्षा के लिए 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल में 27 लाख 50 हजार 945 और इंटरमीडिएट में 24 लाख 79 हजार 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

Related Articles

Back to top button