देशप्रमुख समाचार

Mausam Ki Jankari: कई राज्यों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी, शीतलहर का दिखेगा प्रकोप, जानें मौसम का हाल

Aaj Ka Mausam 25 December 2025: उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

Aaj Ka Mausam 25 December 2025: नई दिल्लीः उत्तर भारत के कई इलाकों में सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 दिसंबर तक कई इलाकों में और 29 से 31 दिसंबर के बीच कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 दिसंबर तक, पंजाब में 27 दिसंबर, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के कुछ इलाकों में 28 दिसंबर तक कोहरा रह सकता है।

पूरब से लेकर उत्तर तक कोहरा रहेगा कायम

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 29 दिसंबर, उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 से 29 दिसंबर, जबकि उत्तर प्रदेश में 28 और 29 दिसंबर को रात और सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

इन इलाकों में भी जारी रहेगा कोहरे का कहर

इसके अलावा बिहार में 25 दिसंबर तक, पूर्वी मध्य प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 26 दिसंबर तक, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 25 दिसंबर तक, ओडिशा में 29 दिसंबर तक, असम और मेघालय में 29 दिसंबर तक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 दिसंबर तक तथा बिहार में 25 से 29 दिसंबर के बीच कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 29 से 31 दिसंबर के बीच भी कोहरा छाने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ में शीत लहर

मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 27 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं 24 से 27 दिसंबर के दौरान उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर बेहद ठंडे दिन की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा 24 से 26 दिसंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में और 25 से 28 दिसंबर के दौरान बिहार के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन रहने की संभावना जताई गई है।

शिमला में बर्फबारी नहीं, पर्यटन पर असर

सर्दी का मौसम चरम पर पहुंचने के बावजूद बर्फबारी नहीं होने और ‘व्हाइट क्रिसमस’ (क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बर्फबारी) की संभावना कम होने के कारण हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कार्निवल और शीतकालीन गतिविधियों का सहारा ले रहे हैं। आमतौर पर क्रिसमस और नए साल के दौरान बर्फबारी देखने के लिए पर्यटक शिमला और मनाली का रुख करते हैं, लेकिन पिछले तीन वर्षों से इन शहरों में बर्फ नहीं पड़ी है। इस वर्ष भी मौसम विभाग ने मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, जिससे बर्फबारी की संभावना कम नजर आ रही है।

बिहार को भीषण सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं

बिहार के लोगों को अभी भीषण सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक ‘कोल्ड डे’ की संभावना जताई है। इस बीच, भीषण सर्दी के कारण कई जिलों में शिक्षण संस्थानों में निचली कक्षाओं को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के गयाजी, नालंदा एवं शेखपुरा जिलों में ‘कोल्ड डे’ दर्ज किया गया। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री से 21.2 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

Related Articles

Back to top button