Amul

Amul Milk Price Hike: भोपाल: मध्य प्रदेश में अमूल दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। कंपनी ने दूध के अलग-अलग वेरिएंट्स के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 12 नवंबर यानी गुरुवार से लागू हो गई हैं। अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक अब 70 रुपए के बजाय 74 रुपए में मिलेगा, जबकि अमूल फ्रेश की कीमत 57 रुपए से बढ़कर 59 रुपए हो गई है।

प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की सबसे ज्यादा खपत होती है। यहां रोजाना साढ़े 4 लाख लीटर से ज्यादा अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें सबसे ज्यादा खपत इंदौर में करीब सवा लाख लीटर है। वहीं, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में रोजाना 50 से 80 हजार लीटर के बीच अमूल दूध बिकता है।

सप्लायर्स को मौखिक रूप से दी गई जानकारी

जानकारी के अनुसार, अमूल की ओर से दूध की नई कीमतें लागू किए जाने की सूचना सप्लायर्स को दे दी गई है। हालांकि, अभी उन्हें लिखित आदेश नहीं मिले हैं। सप्लायर हरीश ने बताया कि गुरुवार से भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में अमूल दूध नई कीमतों पर मिलेगा।

भोपाल में खुले दूध की बिक्री ज्यादा, पैकेट में सांची आगे

भोपाल में पैक्ड दूध की तुलना में खुले दूध की खपत ज्यादा है। शहर में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर तक बताई जा रही है। पैकेट वाले दूध की बात करें तो सांची सबसे आगे है। इसकी रोजाना औसतन 3 लाख लीटर बिक्री होती है, जबकि अमूल दूध की खपत करीब 80 हजार लीटर है।

इसके अलावा शहर में सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब 1 लाख लीटर है। इनकी सप्लाई शहर के साथ भोपाल के ग्रामीण इलाकों में भी होती है। वहीं, मदर डेयरी की खपत मुख्य रूप से शहर में है।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, MP में फिलहाल पुरानी कीमतें

मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई कीमतें लागू नहीं हुई हैं। प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। भोपाल में इसकी खपत लगभग 25 हजार लीटर है।

इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी के दूध की सप्लाई होती है। स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मदर डेयरी की कीमतें सांची या स्थानीय दूध संघों के रेट बढ़ाने पर ही बढ़ती हैं। फिलहाल प्रदेश में मदर डेयरी ने नई कीमतें लागू नहीं की हैं।

दूध के अलग-अलग वेरिएंट्स का क्या है मतलब?

दूध खरीदते समय फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड जैसे नाम सुनने को मिलते हैं। इन सभी में फैट की मात्रा अलग-अलग होती है।

  • फुल क्रीम मिल्क: इसमें फैट की मात्रा सबसे ज्यादा, कम से कम 6 फीसदी होती है। यह गाढ़ा दूध होता है।
  • टोंड मिल्क: इसे फुल क्रीम दूध में स्किम्ड मिल्क और पानी मिलाकर तैयार किया जाता है। इसमें फैट की मात्रा लगभग 3 फीसदी होती है।
  • डबल टोंड मिल्क: इसमें फैट की मात्रा लगभग 1.5 फीसदी होती है। यह अपेक्षाकृत कम फैट वाला दूध है।
  • बल्क टोंड मिल्क: यह मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर बिना पाउच के सीधे मिलने वाला टोंड दूध होता है।