Asha Workers Bharti 2026

Asha Workers Bharti 2026: भोपाल: मध्यप्रदेश में आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में करीब पांच साल बाद 3062 आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक महिलाएं 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगी। आवेदन एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में पूरी होगी और फरवरी 2027 तक चयन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

3062 पदों पर होगी भर्ती

मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 3062 आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। भर्ती के लिए ग्रामवार पद निर्धारित किए गए हैं। उन्हीं गांवों में नियुक्तियां होंगी, जिन्हें चयन के लिए चिह्नित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 नवंबर से एमपी ई-सेवा पोर्टल (https://eseva.mp.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

आशा कार्यकर्ता भर्ती के लिए कुछ जरूरी पात्रता निर्धारित की गई है।

  • आवेदिका संबंधित गांव की निवासी होनी चाहिए।
  • केवल विवाहित महिलाएं आवेदन कर सकेंगी।
  • न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
  • शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है।

आवेदन की तारीख और अंतिम तिथि

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 नवंबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर एमपी ई-सेवा पोर्टल पर आवेदन करना होगा।

ग्रामसभा की अनुशंसा से होगा चयन

आशा कार्यकर्ताओं का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में संपन्न होगी। चयन ग्रामवार निर्धारित पदों और चिह्नित गांवों के आधार पर किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 17 से 25 दिसंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक ग्रामसभा चयन संबंधी प्रस्तावों को अनुमोदित कर आगे भेजेगी।

फरवरी 2027 तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया

ग्रामसभा से प्राप्त प्रस्तावों पर 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड स्तर पर दावा-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद फरवरी 2027 तक जिला स्तर पर अपील प्राप्त कर उनका निराकरण किया जाएगा। पूरी चयन प्रक्रिया जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में होगी। इसके बाद चयन आदेश जारी किए जाएंगे।

आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

प्रदेश में आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं के साथ टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों में उनकी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में 3062 नई आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।