इंदौर: केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस मंगलवार को जनसंघर्ष महारैली निकालेगी। शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्टोरेट पहुंचेगी। कांग्रेस ने रैली के लिए ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे दिए हैं। पार्टी मतदाता सूची में किए गए बदलावों और सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर जनसंघर्ष महारैली आयोजित की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। रैली के माध्यम से पार्टी इन मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की उठेगी मांग
कांग्रेस इस प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग भी उठाएगी। पार्टी मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर कलेक्टोरेट तक मार्च निकालेगी।
सभी मोर्चा-संगठनों को शामिल होने के निर्देश
महारैली में अधिक से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, शहर और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा ब्लॉक अध्यक्षों को शामिल होने के निर्देश दिए हैं।
युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस को भी जिम्मेदारी
कांग्रेस ने युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस सहित विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने साथियों के साथ महारैली में पहुंचने की अपील की है। इसके अलावा वर्तमान और पूर्व पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों तथा पंचायतों के पंच, सरपंच और अन्य पदाधिकारियों से भी प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
