बेंगलुरु: समय की कमी के चलते शहरों में लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान इंस्टेंट डिलीवरी ऐप्स के जरिए मंगा रहे हैं। लेकिन ऑनलाइन ठगी करने वाले इसी सुविधा का फायदा उठाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। बेंगलुरु में एक महिला को ब्लिंकिट से मंगाए गए खराब दही के पैकेट का रिफंड लेना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बनकर महिला से संपर्क किया और रिफंड का झांसा देकर उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए।

जानकारी के अनुसार, वसंतनगर के पैलेस क्रॉस रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने 17 अक्टूबर को ब्लिंकिट से दही का एक पैकेट मंगवाया था। डिलीवरी के बाद महिला ने शिकायत की कि दही खराब अवस्था में पहुंचा है। डिलीवरी एजेंट ने उसे ग्राहक सेवा से संपर्क करने की सलाह दी।

ऑनलाइन मिले नंबर पर किया ग्राहक सेवा को कॉल

महिला ने इंटरनेट पर ब्लिंकिट की ग्राहक सेवा का नंबर खोजा और वहां मिले नंबर पर कॉल किया। कॉल उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बताया और महिला को पैसे वापस करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने महिला को रिफंड पाने के लिए कुछ चरणों का पालन करने को कहा।

व्हाट्सऐप पर लिंक भेजकर मांगी खराब दही की तस्वीर

इसके बाद ठग ने महिला को व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा और खराब दही के पैकेट की तस्वीर अपलोड करने के लिए कहा। महिला ने बताए गए तरीके के अनुसार तस्वीर भेज दी। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने उसे फोन कर बताया कि रिफंड की प्रक्रिया चल रही है और उसे अपना डिजिटल पेमेंट अकाउंट चेक करने को कहा।

पासवर्ड डालते ही खाते से कट गए 98 हजार रुपये

महिला ने अपना अकाउंट खोला और बैलेंस चेक करने के लिए पासवर्ड डाला। इसी दौरान ऐप अचानक स्क्रीन से गायब हो गया। कुछ ही मिनट बाद महिला को पता चला कि उसके बैंक अकाउंट से 98 हजार रुपये कट चुके हैं। इसके बाद उसे समझ आया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है।

साइबर पुलिस ने दर्ज किया मामला

ठगी का पता चलते ही महिला सेंट्रल साइबर क्राइम पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ऑनलाइन मिले ग्राहक सेवा नंबरों पर कॉल करने और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दे रही है।