Thursday, June 8, 2023
Home > देश > MCD चुनाव नतीजे 2017: लगातार तीसरी बार दिल्‍ली नगर निगम पर बीजेपी का कब्‍जा, AAP-कांग्रेस की करारी हार

MCD चुनाव नतीजे 2017: लगातार तीसरी बार दिल्‍ली नगर निगम पर बीजेपी का कब्‍जा, AAP-कांग्रेस की करारी हार

दिल्ली नगर निगम चुनावों की सभी 270 सीटों का रिजल्ट घोषित हो गया है। इसमें बीजेपी को 184, आम आदमी पार्टी को 45, कांग्रेस को 30 और अन्य को 11 सीटों पर जीत मिली है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की 63 सीटों में से 48 पर बीजेपी, 10 पर आम आदमी पार्टी, 3 पर कांग्रेस और 2 सीटों पर अन्य की जीत हुई है। उत्तरी दिल्ली की 103 सीटों में से 65 पर बीजेपी, 20 पर आम आदमी पार्टी, 15 पर कांग्रेस और 3 सीटों पर अन्य की जीत हुई है। दक्षिणी दिल्ली की 104 सीटों में से 71 पर बीजेपी, 15 पर आम आदमी पार्टी, 12 पर कांग्रेस और 6 सीटों पर अन्य की जीत हुई है। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह मोदी सरकार के काम की जीत है। शाह ने कहा कि दिल्ली के परिणाम ने बीजेपी के विजय रथ को आगे बढ़ाया है। एमसीडी चुनाव में जीत के बाद पीएम मोदी ने जनता का शुक्रिया अदा किया। कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

माकन के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पी सी चाको ने भी इस्तीफे की पेशकश की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (AICC) के महासचिव गुरुदास कामत ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी में भी भारी उथल-पुथल की खबर है। पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत तमाम नेता इस हार के लिए ईवीएम में छेड़छाड़ को जिम्मेदार मान रहे हैं। इस बीच आप विधायक अलका लांबा ने भी इस्तीफे की पेशकश की है। मालवीय नगर से आप विधायक सोमनाथ भारती ने भी इस्तीफे की पेशकश की है।

अरविंद केजरीवाल के बड़े शुभचिंतक रहे अन्ना हजारे ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए कहा है कि ईवीएम ने नहीं, कथनी-करनी के फर्क ने आप को हराया है। उन्होंने कहा कि लोग समझ चुके हैं क‍ि इनके द‍िमाग में सेवा नहीं सत्ता है। केजरीवाल के पूर्व सहयोगी मयंक गांधी ने भी एक खत लिखकर अरविंद केजरीवाल की नीतियों की आलोचना की है। MCD चुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। इसमें कुल 272 में से 270 वार्ड में वोटिंग हुई थी। जिन दो वार्ड पर फिलहाल वोटिंग नहीं हुआ है उसमें सराय पीपल थाला और मौजपुर शामिल है। दोनों सीटों पर अगले महीने चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)